Top News

CG Elections: रमन सिंह की चली, भाजपा ने 16 पूर्व मंत्रियों को दिया टिकट; सरगुजा-बिलासपुर संभाग से छह पूर्व मंत्री मैदान में


रायपुर
। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह समेत उनके तीन कार्यकाल के कैबिनेट के 16 पूर्व मंत्रियों पर भरोसा जताते हुए चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें आठ पूर्व मंत्री ऐसे हैं, जो पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे।

भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किसी चेहरे को सामने रखकर भले ही चुनाव नहीं लड़ रही, लेकिन जिस तरह से पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रमों में रमन सिंह प्राथमिकता में रहे। पार्टी के हर कार्यक्रमों में, चुनावी सभाओं में, बैनर-पोस्टर आदि में उन्हें महत्व मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि इस बार टिकट वितरण में रमन सिंह की ही चल रही है। इसके पीछे चर्चा यह भी है कि भाजपा अपने पुराने नेताओं को अप्रसन्न करने का जोखिम नहीं उठाना चाहती।

भाजपा अपनी दो सूची में प्रदेश की कुल 90 में से 85 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा कर चुकी है। इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद रेणुका सिंह, सांसद गोमती साय, सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, सांसद विजय बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हैं।

सरगुजा-बिलासपुर संभाग से छह पूर्व मंत्री मैदान में

वर्तमान में केंद्रीय राज्यमंत्री (सांसद) रेणुका सिंह मैदान में हैं। आदिवासी नेत्री होने के कारण इनकी क्षेत्र में तगड़ी पकड़ है। इसी संभाग से पूर्व मंत्री रामविचार नेताम भी चुनाव मैदान में हैं। सरगुजा संभाग की सभी 14 विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास हैं। बिलासपुर संभाग की बात करें यहां से पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, पुन्नूलाल मोहिले, अमर अग्रवाल और डा. कृष्णमूर्ति बांधी को भाजपा ने चुनावी रण में उतारा है।

रायपुर-दुर्ग संभाग में रमन समेत छह को टिकट

दुर्ग संभाग में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह पिछले चुनाव की तरह ही इस बार भी राजनांदगांव सीट से चुनावी मैदान में हैं। इसी संभाग से पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय व दयालदास बघेल को टिकट मिला है। पूर्व मंत्रियों में बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत और अजय चंद्राकर मोर्चे पर होंगे। वर्तमान में रायपुर संभाग की 20 विसा सीटों में से 14 कांग्रेस, पांच भाजपा और एक सीट जकांछ के पास है।

बस्तर संभाग के चार पूर्व मंत्री मैदान में

बस्तर संभाग से रमन कैबिनेट के पूर्व मंत्रियों केदार कश्यप, महेश गागड़ा, लता उसेंडी और विक्रम उसेंडी को पार्टी ने टिकट दिया है। लता उसेंडी संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रही हैं। पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में बस्तर क्षेत्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें आगे किया गया है। बता दें कि बस्तर संभाग की कुल 12 विधानसभा सीटें कांग्रेस के पास हैं।

Previous Post Next Post

Travel